ठंड का मौसम एक ऐसा मौसम होता है जिसमें आप अपनी सेहत को बना सकते हैं। ऐसा कहा जाता है कि ठंड में यदि हम अपने स्वास्थ्य का अच्छे से ख्याल रखते हैं तो पूरे साल हमें शक्ति मिलती है। आज हम ठंड में अंजीर खाने के फायदे के बारे में बात करेंगे। हम जानते हैं कि सूखे मेवे हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत लाभदायक होते हैं। सूखे मेवे में अंजीर सर्दियों में हमारे शरीर के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है। इसमें कई तरह के आवश्यक तत्व पाए जाते हैं जैसे प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, पोटेशियम, सोडियम, आयरन, विटामिन, चुना और कुछ मात्रा में गोंद भी पाई जाती है। अंजीर का सेवन पेट के लिए बहुत ही अच्छा होता है। यह पेट से जुड़ी हुई कई तरह की समस्याओं में फायदा पहुंचाता है। अंजीर का सूखा फल मेवे के रूप में पाया जाता है। इसके सूखे हुए फल के टुकड़े करके या पीसकर दूध के साथ लेना लाभदायक होता है। इसे चीनी के साथ भी लिया जा सकता है। एक सप्ताह तक इसे दूध और चीनी के साथ लेने से खून से जुड़े रोग नष्ट हो जाते हैं। फलों की तुलना में अंजीर का सेवन अधिक फायदेमंद साबित होता है। आइए जानते हैं ठंड में अंजीर खाने के फायदे के बारे में।
कब्ज में फायदेमंद
जिन लोगों को बार-बार कब्ज की शिकायत होती है, उन्हें चाहिए कि रात को सोने से पहले चार-पांच अंजीर दूध में उबाल कर खाएं और बाद में दूध पिएं। इस तरीके से कब्ज में लाभ प्राप्त होगा।
अस्थमा से राहत
अंजीर ही नहीं बल्कि अंजीर के पत्ते भी बहुत फायदेमंद होते हैं। अस्थमा की बीमारी में अंजीर के पत्तों से राहत मिलती है। यहां तक कि अंजीर के सेवन से ब्लड शुगर का लेवल भी कंट्रोल में रहता है क्योंकि इसमें पोटेशियम की अच्छी मात्रा पाई जाती है।
उच्च रक्तचाप को घटाएं
जो लोग आहार में अधिक नमक का प्रयोग करते हैं, उनके शरीर में सोडियम का स्तर बढ़ जाता है। जिसके चलते शरीर में सोडियम और पोटेशियम के स्तर का संतुलन बिगड़ जाता है। इस संतुलन के बिगड़ने के कारण उच्च रक्तचाप का खतरा भी बढ़ जाता है। लेकिन अंजीर की मदद से इस संतुलन को बनाए रखने में मदद मिलती है और उच्च रक्तचाप का खतरा भी टल जाता है।
हृदय रोग के खतरे को कम करें
अंजीर में उच्च मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं। यह शरीर को फ्री रेडिकल्स से दूर रखने में मदद करता है। अंजीर खाने से रक्त कोशिकाएं स्वस्थ रहती हैं। इसका सेवन करने से दिल की बीमारी का खतरा कम हो जाता है।
जुकाम से छुटकारा
सर्दी के मौसम में अक्सर बच्चे बाहर खेलने चले जाते हैं, जिसके कारण उन्हें सर्दी-जुकाम हो जाता है। सर्दी-जुकाम से छुटकारा पाने के लिए पानी में चार-पांच अंजीर डालकर उबाल लें। अब इस पानी को छानकर गर्म-गर्म सुबह और शाम बच्चे को पीने के लिए दें। इससे बच्चे को राहत मिलेगी।
कमर दर्द से राहत
लंबे समय तक कंप्यूटर पर काम करने वाले लोगों को या फिर घर में अधिक काम करने वाली महिलाओं को अक्सर कमर दर्द की समस्या बनी रहती है। इस परेशानी से छुटकारा पाने के लिए अंजीर की छाल, सोंठ और धनिया को बराबर मात्रा में लें और इसे अच्छे से कूटकर रात के वक्त पानी में भिगो दें। सुबह इसके रस को छानकर पिएं। इससे कमर दर्द में राहत मिलेगी।
